home page

पूर्णिया में अस्मिता साइकिलिंग वुमन लीग का हुआ आयोजन

 | 
पूर्णिया में अस्मिता साइकिलिंग वुमन लीग का हुआ आयोजन


पूर्णिया, 03 जून (हि.स.)। खेल मैदान में जब बेटियां आत्मविश्वास के साथ दौड़ती हैं, साइकिल चलाती हैं और जीत का परचम लहराती हैं, तब सिर्फ पदक नहीं जीततीं, बल्कि समाज की सोच भी बदलती हैं। इसी भावना को साकार करते हुए पूर्णिया में आयोजित ‘अस्मिता खेलो इंडिया वुमन लीग’ महिला खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा और उत्साह का बड़ा मंच बनकर उभरी।

इस आयोजन में पूर्णिया की बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लिया। जिनमें सेंट पीटर स्कूल, अनचित साह हाई स्कूल, प्रोजेक्ट गर्ल्स स्कूल रानीपतरा और चाणक्य स्टडी पॉइंट की छात्राओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

प्रतियोगिता में शामिल बेटियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष से यह साबित किया कि अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मधुकर अमिताभ, उप महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल ने राष्ट्रगान के बाद फ्लैग ऑफ कर किया। उनके साथ जिला खेल पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता रविशंकर झा तथा सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट जनार्दन मिश्रा पूरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते रहे।

मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का माध्यम है। विजेता प्रतिभागियों को मेडल और साइकिल देकर सम्मानित किया गया, जिससे बेटियों के चेहरे पर खुशी और आत्मगौरव साफ झलक रहा था।

इस आयोजन की सफलता के पीछे पूर्णिया साइकिलिंग एसोसिएशन के सभी सदस्यों और अस्मिता खेलो इंडिया से जुड़े सदस्यों की मेहनत, प्रशासन की तैयारी और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कई दिनों से रोड साइकिलिंग की तैयारी, प्रतिभागियों को प्रेरित करना, अभ्यास सत्रों का आयोजन और बेटियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना—इन सभी प्रयासों ने इस आयोजन को सफल बनाया। आयोजन में उपस्थित सदस्यों और सहयोगियों ने यह संदेश दिया कि जब समाज, संस्थाएं और परिवार मिलकर बेटियों का हाथ थामते हैं, तब उनकी उड़ान और ऊंची हो जाती है।

विजेता प्रतिभागियों में सब जूनियर वर्ग में शिवानी कुमारी ने प्रथम, काजल कुमारी ने द्वितीय और पुष्पांजलि कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में निक्की कुमारी प्रथम, शिवानी कुमारी द्वितीय और सनम कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं सीनियर वर्ग में सोनम कुमारी ने पहला, रितिका कुमारी ने दूसरा और वर्षा कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक अरविंद झा, सुरेंद्र कुमार सरोज, परिमल सिंह, प्रेस क्लब पूर्णिया के अध्यक्ष नंद किशोर सिंह, चैम्बर ऑफ कॉमर्स से आदित्य केजरीवाल, आम्रपाली ग्रुप से मीना सिंह, श्री राम सेवा संघ से राणा प्रताप सिंह, शशांक शेखर सिंह, आलोक, अनिल, सुनील लोहिया, पंकज श्रीवास्तव, डॉ. अंगद, मुरारी सिंह, कृष्ण कुमार, राजू झा, अमरेंद्र, अमित, राजीव, जय, प्रणव, मुसव्वर, ज्योति, मनीष, रूबी सिंह, बृजेश भास्कर और हरीश सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन कनक पाराशर और राणा प्रताप सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवीन सिंह और विजय शंकर ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह