8 माह से मानदेय नहीं मिलने पर आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, अस्पताल गेट जाम
नवादा, 20 मार्च (हि.स.)।नवादा जिले के सिरदला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को मानदेय भुगतान को लेकर आशा कार्यकर्ताओं और आशा फेसिलेटरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज महिलाओं ने अस्पताल के मुख्य द्वार को कुर्सी और बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हो गई। प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द बकाया मानदेय भुगतान की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल आशा फेसिलेटर कौशल्या देवी, संगीता देवी, पूनम देवी, सुनैना देवी, मीना देवी और ममता देवी सहित सैकड़ों महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले आठ महीनों से उनका मानदेय नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं का यह भी आरोप था कि मानदेय भुगतान के नाम पर लेखपाल द्वारा 400 से 500 रुपये तक घूस की मांग की जा रही है। साथ ही उन्होंने सिरदला चिकित्सा पदाधिकारी राजीव कुमार और स्वास्थ्य प्रबंधक राकेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि घटना के दौरान चिकित्सा पदाधिकारी राजीव कुमार मौके पर मौजूद नहीं थे, जिससे उनमें और नाराजगी बढ़ गई।
मुख्य द्वार जाम होने के कारण अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई मरीज सिरदला–हिसुआ पथ पर घंटों इंतजार करते रहे। वहीं ड्यूटी पर पहुंचे डॉक्टर संतोष कुमार सुमन और डॉक्टर लालमुनि गुप्ता सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को भी अस्पताल के बाहर ही रुकना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं।
इस संबंध में नवादा के सिविल सर्जन डॉ. बिनोद कुमार चौधरी ने बताया कि मार्च महीने तक कुछ स्थानों से क्लियरेंस नहीं आ पाया है। उन्होंने कहा कि नारदीगंज को छोड़कर अधिकांश जगहों पर राशि आ चुकी है, लेकिन सिरदला स्वास्थ्य केंद्र से क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण भुगतान लंबित है। क्लियरेंस मिलते ही आगे की प्रक्रिया पूरी कर मानदेय भुगतान किया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य प्रबंधक राकेश कुमार ने घूस मांगने के आरोपों को गलत बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

