home page

नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में लोको पायलट सहित दो गिरफ्तार

 | 
नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में लोको पायलट सहित दो गिरफ्तार


कटिहार, 29 सितंबर (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने युवती को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपिताें में रेलवे का लोको पायलट चंदन कुमार और उसका साथी विनय कुमार दास शामिल हैं, जो दोनों पूर्णिया जिले के निवासी हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (साइबर-सह-विशेष अपराध) के नेतृत्व में महिला थानाध्यक्ष, सहायक पुलिसकर्मियों और तकनीकी टीम को शामिल कर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय इनपुट के आधार पर सघन छापेमारी कर दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया।

रेलवे स्टेशन पर वर्दी में मिला था आरोपी

घटना के संबंध में पीड़िता ने 27 सितंबर को महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि बीते 22 सितंबर को वह घर से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची थी। वहां प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर रेलवे पायलट की वर्दी पहने चंदन कुमार उससे मिला और नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ बरमसिया (वार्ड संख्या-08) स्थित एक किराए के मकान में ले गया।

कमरे से भागकर पीड़िता ने बचाई थी जान

पीड़िता का आरोप है कि कमरे में ले जाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा अपने साथी को भी बुलाने का प्रयास किया। इस दौरान किसी तरह मौका पाकर वह वहां से भाग निकली और स्थानीय लोगों को आपबीती बताई। स्थानीय लोगों द्वारा घेराबंदी का प्रयास करने पर आरोपी अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया था।

मामले में महिला थाना कांड संख्या-50/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तार अभियुक्तों में चंदन कुमार (निवासी: तमानगंज, कस्बा, पूर्णिया) और विनय कुमार दास (निवासी: स्कूल टोला, लालगंज, पूर्णिया) शामिल हैं। पुलिस दोनों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह