home page

छठ महापर्व की आस्था और भावनाओं को समर्पित लघु फिल्म ‘अर्घ्य’ 9 नवंबर को होगी रिलीज

 | 
छठ महापर्व की आस्था और भावनाओं को समर्पित लघु फिल्म ‘अर्घ्य’ 9 नवंबर को होगी रिलीज


कटिहार, 07 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित 15 मिनट की विशेष लघु फिल्म ‘अर्घ्य’ आगामी 9 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज की जाएगी। छठ पूजा की आध्यात्मिकता, अटूट श्रद्धा और पारिवारिक संवेदनाओं को दर्शाती यह फिल्म ‘मैं बिहार हूं’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल तथा ‘कोशी संगम एंटरटेनमेंट’ के फेसबुक पेज पर एक साथ प्रसारित होगी।

छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान और करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का प्रतीक है। इसी आस्था, श्रद्धा, समर्पण और पारिवारिक आत्मीयता को सिनेमाई माध्यम से सजीव करने का प्रयास इस लघु फिल्म में किया गया है। फिल्म के जरिए छठ के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व के साथ-साथ इससे जुड़ी गहरी लोक भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।

फिल्म के लेखक एवं निर्देशक आलोक कुमार ने बताया कि ‘अर्घ्य’ केवल एक लघु फिल्म नहीं, बल्कि छठ महापर्व के प्रति हमारी आस्था, श्रद्धा और अपनी मिट्टी से जुड़े सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का एक विनम्र प्रयास है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों को छुएगी और छठ की पावन महिमा को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में सफल साबित होगी।

इस फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी मनीष कुमार झा ने संभाली है। अभिनय पक्ष में डॉ. ऋचा चौधरी, सावित्री कुमारी, आदित्य कुमार, समृद्धि सौभाग्यम, अंजलि कुमारी, सरिता साह, संचिता, भारती कुमारी, हीना कुमारी, माधुरी, नंद किशोर एवं रवि मोटवानी ने अपने किरदारों को प्रभावी ढंग से निभाया है।

फिल्म के तकनीकी और रचनात्मक पक्ष में संगीत प्रीति मिश्रा का है, जबकि बैकग्राउंड स्कोर डी-म्यूजिक स्टूडियो एवं हूपर द्वारा तैयार किया गया है। संपादन दीपक कुमार, मेकअप अंजलि कुमारी, क्लैप विश्वजीत कुमार तथा कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग और प्रोडक्शन मैनेजमेंट का कार्य आलोक कुमार (जूनियर) ने पूरा किया है। इसके अलावा अमरेश चौधरी, गोपाल यादव एवं पुष्पा साह का फिल्म निर्माण में विशेष सहयोग रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह