home page

सड़क और बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

 | 
सड़क और बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश


अररिया 04 जून(हि.स.)।

फारबिसगंज के तिरसकुंड पंचायत के वार्ड संख्या 02 एवं 03 में सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति के विरोध में ग्रामीणों ने गुरुवार को एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। लोजपा (रामविलास)आईटी सेल के जिलाध्यक्ष अमित कुमार पासवान के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

धरना को संबोधित करते हुए अमित कुमार पासवान ने कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पंचायत के वार्ड संख्या 02 और 03 की मुख्य सड़क आज भी कच्ची और जर्जर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के सभी समुदायों और वर्गों के लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है, बावजूद इसके वर्षों से इसकी उपेक्षा की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त वार्ड दलित एवं अतिपिछड़ा समाज बाहुल्य है, जहां के लोगों को चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही उनकी समस्याओं को भुला दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या और बांस-बल्लों के सहारे लटकते जर्जर बिजली तार लोगों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

धरना में शामिल ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब पक्की सड़क निर्माण, नियमित विद्युत आपूर्ति तथा जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग की।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण एवं बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा प्रखंड मुख्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर