एसएसबी अधिकारियों ने नेपाल के एपीएफ के साथ सीमा समन्वय को लेकर की बैठक, संयुक्त गश्ती
अररिया 24 जून(हि.स.)।
एसएसबी 56 वीं बटालियन की जी-समवाय बेला के कार्यक्षेत्र अंतर्गत सीमा स्तंभ संख्या-198/02 के समीप नेपाल के सुनसरी जिला के एपीएफ के कमांडेंट स्तरीय समकक्ष सीमा समन्वय बैठक बुधवार को हुई।बैठक उपरांत दोनों देशों के सीमा सुरक्षा अधिकारियों के द्वारा खुले बॉर्डर पर संयुक्त गश्ती की गई।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल के रूप में भारत की ओर से बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर नितीन कुमार गुप्ता, उप कमांडेंट मदन मोहन भट्ट,निरीक्षक (सामान्य) रंजीत मोहंता एवं अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। वहीं नेपाल की ओर से एपीएफ चतुर्थ वाहिनी के एसपी गणपति श्याम प्रसाद कार्की, डीएसपी शमशेर कार्की, निरीक्षक नरेंद्र चंद और एपीएफ के अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
बैठक में मुख्य रूप से सीमा पार तस्करी की रोकथाम,मानव तस्करी एवं अवैध आवागमन पर नियंत्रण, संयुक्त गश्त एवं समन्वित अभियान, नो-मैन्स लैंड क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने एवं उसकी निरंतर निगरानी, सीमा स्तंभों की सुरक्षा एवं रख-रखाव, अपराधियों एवं तस्करों संबंधी सूचनाओं का आदान-प्रदान, आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में पारस्परिक सहयोग, जन-जागरूकता कार्यक्रमों का संयुक्त संचालन, सीमा क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, हालिया जब्तियों एवं अपराध प्रवृत्तियों की समीक्षा पर चर्चा के साथ एसएसबी एवं एपीएफ के मध्य खेलकूद एवं मैत्रीपूर्ण गतिविधियों के आयोजन पर चर्चा की गई।
दोनों पक्षों द्वारा सीमा सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, सूचना साझाकरण तथा द्विपक्षीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु निरंतर सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक उपरांत दोनों बलों द्वारा संयुक्त सीमा गश्त का आयोजन कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था एवं सीमा स्तंभों का निरीक्षण किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

