खेल भवन में सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश
अररिया 15 अप्रैल(हि.स.)। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला के संचालन एवं प्रबंधन हेतु डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में बुधवार को संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खेल भवन में उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके बेहतर उपयोग पर विस्तृत चर्चा की गई। बताया गया कि व्यायामशाला में आधुनिक जिम उपकरण उपलब्ध हैं तथा खेल गतिविधियों के लिए कराटे, कबड्डी, कुश्ती, टेबल टेनिस, योग आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही सम्मेलन कक्ष एवं अन्य संसाधनों का उपयोग खिलाड़ियों एवं खेल संगठनों के हित में सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
संचालन समिति द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें खिलाड़ियों के चयन, प्रशिक्षण, अभ्यास समय-सारणी निर्धारण एवं खेल भवन के उपयोग हेतु शुल्क निर्धारण शामिल हैं। खिलाड़ियों के अभ्यास हेतु ग्रीष्मकाल एवं शीतकाल के अनुसार अलग-अलग समय निर्धारित किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को निःशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, खेल भवन के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे साफ-सफाई, सुरक्षा एवं उपकरणों के रख-रखाव पर भी चर्चा की गई। इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था आउटसोर्सिंग के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अररिया को निर्देशित किया गया कि खेल भवन की सभी सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाए तथा पारदर्शिता के साथ सभी व्यवस्थाओं का संचालन किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

