home page

सोलर लोन मेला 13 अगस्त को,पीएम सूर्य घर योजना की दी जाएगी जानकारी

 | 
सोलर लोन मेला 13 अगस्त को,पीएम सूर्य घर योजना की दी जाएगी जानकारी


अररिया 11 अगस्त(हि.स.)।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 13 अगस्त को शहर के रानीगंज रोड स्थित विद्युत कार्यालय परिसर में सोलर मेला सह सोलर लोन मेला का आयोजन किया जाएगा। इस एक दिवसीय मेले का उद्घाटन डीएम विनोद दूहन द्वारा किया जाएगा।

मेले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर पैनल लगाने वाली अधिकृत सोलर एजेंसियों द्वारा सोलर पैनल, इनवर्टर सहित अन्य उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उपभोक्ताओं को मौके पर ही सोलर उपकरणों को देखने, उनकी कार्यप्रणाली को समझने तथा सोलर सिस्टम से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

मेले में सोलर लोन की जानकारी एवं आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न बैंकों के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। उपभोक्ताओं को योजना के तहत बैंक ऋण, आसान ईएमआई, ऋण आवेदन की प्रक्रिया की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

साथ ही इस मेले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सब्सिडी, रूफटॉप सोलर लगाने की प्रक्रिया, पंजीकरण एवं बैंक ऋण से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही सोलर पैनल एवं इनवर्टर सहित विभिन्न उपकरणों का प्रदर्शन और सोलर से बिजली उत्पादन का लाइव डेमो भी किया जाएगा।

विद्युत विभाग द्वारा सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे 13 अगस्त को सोलर मेला में पहुंचकर सोलर पैनल, इनवर्टर एवं अन्य उपकरणों को स्वयं देखें और समझें तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर