महिलाओं को वोट बैंक समझने वाले महिला आरक्षण का कर रहे विरोध:गुंजा बैंगानी
अररिया 24 अप्रैल(हि.स.)। जिले के रानीगंज में भाजपा की ओर से नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को पक्ष रखते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजा बैंगानी, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह, रानीगंज नगर अध्यक्ष आलोक भारती उर्फ सुमन,नगर उपाध्यक्ष आजाद जायसवाल,महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष बिजली देवी एवं नगर उपाध्यक्ष रुना देवी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओ ने मीडिया के समक्ष अपनी बातों को रखा।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजा बैंगानी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी को उनके अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने वाला ऐतिहासिक कानून है। यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि भारत की महिलाओं के सपनों, संघर्षों और संकल्पों को नई उड़ान देने का माध्यम है।
उन्होंने विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि जो दल वर्षों तक महिलाओं को केवल वोट बैंक समझते रहे, वे आज महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक कदम का विरोध कर अपनी वास्तविक मानसिकता उजागर कर रहे हैं। देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और ऐसे महिला विरोधी चेहरों को भली-भांति पहचान चुकी हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृत्व वंदना योजना और अब नारी शक्ति वंदन अधिनियम, ये सभी इस बात के प्रमाण हैं कि भाजपा केवल वादे नहीं, बल्कि महिलाओं के उत्थान के लिए ठोस कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति हमेशा परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रम फैलाने तक सीमित रही है, जबकि भाजपा महिलाओं को नेतृत्व, अवसर और सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध वास्तव में देश की मातृशक्ति का अपमान है।
मौके पर उपस्थित सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि देश और बिहार की महिलाएं विपक्ष की इस महिला विरोधी सोच का लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देंगी। भारतीय जनता पार्टी सदैव मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए संकल्पित रही है और आगे भी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

