home page

सीमांचल के सम्रग विकास के लिए मुख्यमंत्री से मिले सांसद प्रदीप सिंह

 | 
सीमांचल के सम्रग विकास के लिए मुख्यमंत्री से मिले सांसद प्रदीप सिंह


अररिया 29 मई(हि.स.)। अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर अररिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान सांसद श्री सिंह ने अररिया जिले में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, खेल, शहरी विकास एवं औद्योगिक विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकासात्मक प्रस्तावों एवं जनहित के मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

उन्होंने सीमांचल के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने तथा क्षेत्र के संतुलित एवं समावेशी विकास हेतु विशेष पहल करने का आग्रह किया।

सांसद श्री सिंह ने कहा कि सीमांचल बिहार का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है और इसकी विकासात्मक आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से अररिया सहित पूरे सीमांचल में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सांसद द्वारा उठाए गए जनहित एवं विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से क्षेत्र की विकास यात्रा को नई दिशा प्रदान की जाएगी। जानकारी सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर