home page

महावीरी झंडा शोभा यात्रा को भव्य बनाने की तैयारियां तेज, सांसद सिंह ने की सनातनियों से भारी संख्या में शामिल होने की अपील

 | 
महावीरी झंडा शोभा यात्रा को भव्य बनाने की तैयारियां तेज, सांसद सिंह ने की सनातनियों से भारी संख्या में शामिल होने की अपील


अररिया 09 सितम्बर(हि.स.)।

फारबिसगंज के सांवलिया कुंज ठाकुरबाड़ी से आगामी 13 सितंबर को निकलने वाली ऐतिहासिक महावीरी झंडा शोभा यात्रा को लेकर आयोजन समिति के सदस्यों ने तैयारियों को युद्धस्तर पर तेज कर दी है।

इसी कड़ी में संचालन समिति के सदस्यों ने सांसद प्रदीप सिंह से अररिया आवास पर मुलाकात कर तैयारियों और गांव-गांव में चल रहे जनसंपर्क अभियान की जानकारी दी।सांसद ने समिति के सदस्यों का उत्साह बढ़ाने के साथ हरसंभव सहयोग और शोभा यात्रा में शामिल होने का भरोसा दिया।

प्रतिनिधि मंडल में संचालन समिति के वरिष्ठ सदस्य सच्चिदानंद मेहता, विमल सिंह, गणेश ठाकुर, माधव लाल कर्ण,अंजनी मिश्रा और शिवम दुबे आदि शामिल थे। समिति के सदस्यों ने सांसद को आगामी शोभा यात्रा में अधिक से अधिक अखाड़ों को शामिल करने की योजना और इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर चल रहे व्यापक जनसंपर्क अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सनातनियों में महोत्सव को लेकर अभूतपूर्व उत्साह है और लोग खुद आगे आकर तैयारियों में जुटे हुए हैं।

मौके पर सांसद ने कहा कि यह महावीरी झंडा शोभा यात्रा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सांसद ने समिति को इस भव्य आयोजन के लिए अपना पूरा सहयोग देने और शोभा यात्रा में स्वयं शामिल होने का भरोसा दिया।

इसके साथ ही अररिया सांसद प्रदीप सिंह ने सभी सनातनी भाई-बहनों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र और समस्त उत्तर बिहार के सनातनी भाइयों से निवेदन करता हूँ कि वे आगामी 13 सितंबर को होने वाली इस ऐतिहासिक महावीरी झंडा शोभा यात्रा में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ शामिल हों, ताकि हम सब मिलकर इस महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य रूप से सफल बना सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर