भाई की कलाई सजी बहनों के रक्षा सूत्र से,भाई ने बहन को उपहार के साथ दिया रक्षा का वचन
अररिया 28 अगस्त(हि.स.)।
भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षा बंधन शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।मौके पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया।रक्षा बंधन को लेकर मंदिरों में लोगों की काफी भीड़ रही।
सुबह से ही बड़ी संख्या में बहनें मंदिर पहुंचकर पहले पूजा अर्चना की और उसके बाद घर आकर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधी।बहनों ने स्नान के बाद नए वस्त्र धारण कर पूजा की थाली सजाई। उन्होंने रोली, अक्षत, मिठाई और राखी के साथ भाइयों का तिलक किया। इसके बाद उनकी कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाई। राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने बहनों को उपहार दिए। कई परिवारों में बहनों के लिए कपड़े और अन्य उपहार भी खरीदे गए।
पर्व के चलते बाजारों में भी काफी रौनक रही। जिला मुख्यालय समेत आसपास के गांवों व कसबों में राखियों की दुकानें रंग-बिरंगी राखियों से सजी रहीं। सुबह से ही दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई। बच्चों के लिए कार्टून और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों के साथ मोतियों, रेशम और सजावटी राखियों की भी अच्छी मांग रही।
रक्षा बंधन को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही, जहां बहनों ने भाइयों के लिए मिठाइयां खरीदी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। घरों में राखी बांधने और मिठाई खिलाने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। इस पर्व ने भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और अपनत्व को और मजबूत किया।रक्षा बंधन भाई बहन के बीच आपसी स्नेह, विश्वास और रिश्तों की अहमियत का संदेश देता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

