अनाथ बच्चे का सर्वे कराकर सूची उपलब्धता कराने का डीएम ने दिया निर्देश
अररिया 12 मार्च(हि.स.)। समाहरणालय स्थित आत्मन सभागार में डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की त्रैमासिक बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला चिकित्सा पदाधिकारी, सहायक निदेशक जिला अल्पसंख्यक कल्याण, श्रम अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, किशोर न्याय परिषद के सदस्य, जिला खेल पदाधिकारी अररिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाल संरक्षण अत्यंत संवेदनशील विषय है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ रुचि लेकर कार्य करें। उन्होंने जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस को निर्देश दिया कि जिले में अनाथ बच्चों का सर्वे कर उसकी रिपोर्ट 23 मार्च तक उपलब्ध करना सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आरटीई के प्रावधानों का सही ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा का अधिकार मिल सके।
बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा बच्चों के हित में सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

