मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारी जोरों पर,करोड़ों की योजनाओं की सौगात करेंगे भेंट
अररिया 09 मार्च(हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत 11 मार्च को अररिया आ रहे हैं,जहां करोड़ों रुपयों के योजनाओं की सौगात जिलेवासियों को भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में पूरी तरह जुट गया है।डीएम विनोद दूहन के नेतृत्व में सीएम के कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की स्वीकृत छुट्टियों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है और सभी को ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम को लेकर अररिया आरएस स्थित एएनएम,जीएनएम एंड पारा मेडिकल इंस्टीट्यूट भवन के निकट मैदान में मुख्य कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मंच तैयार किया जा रहा है।इसके अलावे पंडाल निर्माण के साथ सरकारी विभागों के स्टॉल बनाए जा रहे हैं,जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकारी विभागों के कार्यक्रम,योजनाओं एवं अन्य उत्पादकों का अवलोकन करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 54 करोड़ की लागत से हरियाबाड़ा में बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम द्वारा निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस लाइन का उद्घाटन करेंगे।साथ ही मुख्यमंत्री 30 करोड़ की लागत से बने आरएस स्थित एएनएम,जीएनएम एंड पारा मेडिकल इंस्टीट्यूट भवन का भी उद्घाटन करेंगे।सात साल पहले 2017 में सीएम नीतीश कुमार ने तत्कालीन डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के साथ इस भवन का आधारशिला रखे थे।
सीएम आरएस स्थित कोशी डेयरी प्रोजेक्ट पूर्णिया अधीन दुग्ध शीतक केन्द्र का भी उद्घाटन करेंगे।जल जीवन हरियाली के तहत हरिया स्थित पंचायत सरकार भवन और तालाब के जीर्णोद्धार और अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं के अवलोकन का कार्यक्रम मुख्यमंत्री का है।इसके अलावे योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में भी शामिल होने का कार्यक्रम है।जिसके बाद मुख्यमंत्री अररिया से किशनगंज के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयारी में जुटा है।सभी विभागों के आलाधिकारी कार्य को दुरुस्त करने में लगे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

