फाइनेंस कर्मचारी से 3.42 लाख रूपये लूट मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
अररिया 03 अप्रैल(हि.स.)। जिले के महलगांव थाना क्षेत्र में 12 जनवरी की रात को एल एंड टी फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के कलेक्शन कर्मी से अज्ञात बदमाशों द्वारा 3.42 लाख रूपये लूटकांड मामले में पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूट की राशि से खरीदी गई एक मोबाइल को बरामद किया।जानकारी एसपी जितेन्द्र कुमार ने शुक्रवार को दी।
लूटकांड के शिकार कलेक्शन कर्मचारी के लिखित आवेदन पर महलगांव थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेन्द्र कुमार द्वारा सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा,महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार,बैरगाछी थानाध्यक्ष नवदीप कुमार गुप्ता एवं डीआईयू टीम के साथ एक विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम के द्वारा प्रारंभिक जांच के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरा के फुटैज, तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड का खुलासा किया गया।
पुलिस ने महलगांव वार्ड संख्या दो के 32 वर्षीय सलमान हैदर पिता मो. असफाक और महलगांव के भूना वार्ड संख्या 12 के 21 वर्षीय हसन अहमद पिता नियाज़ अहमद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेकर घटना में शामिल दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया।एसपी ने बताया कि शेष बचे अपराधकर्मियों के गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

