home page

वज्रपात के चपेट में आने से खेत में मवेशी चरा रहे युवक की मौत

 | 
वज्रपात के चपेट में आने से खेत में मवेशी चरा रहे युवक की मौत


अररिया 01 जुलाई(हि.स.)। जिले के कुर्साकांटा प्रखंड के हरीरा पंचायत के बेलगच्छी में बुधवार दोपहर मूसलाधार बारिश के दौरान वज्रपात के चपेट में आने से खेत में मवेशी चरा रहे 18 साल के युवक की मौत हो गई।

युवक की पहचान बेलगच्छी वार्ड संख्या चार के रहने वाले कन्हाई यादव के 18 साल के पुत्र अविनाश कुमार सिंह के रूप में की गई।

वज्रपात के चपेट में आने के बाद वह जख्मी हालत में खेत में ही बेहोश होकर गिर गया था।अगल बगल के ग्रामीणों ने परिजन को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन युवक को लेकर कुर्साकांटा पीएचसी लेकर गए। जहां ड्यूटी प तैनात चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कुर्साकांटा थाना से एसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाई और दो बहन में सबसे छोटा था। घटना के बाद मृतक की मां ललिता देवी के रुदन और क्रंदन से पीएचसी का माहौल गमगीन हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर