बीआरसी कॉर्डिनेटर को गोली मारने का आरोपित महताब गिरफ्तार,हथियार और दो कारतूस बरामद
अररिया 03 नवम्बर(हि.स.)। जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के बीआरसी भवन में कॉर्डिनेटर के पद पर कार्यरत हफसूल वार्ड संख्या 12 निवासी 26 वर्षीय उमर फारूख पिता अब्दूल रहमान को कल सोमवार की रात को गोली मारकर घायल कर दिया गया था।मामले में जोकीहाट थाना में कांड संख्या 437/26, दिनांक 03.11.2026 सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। घटना के संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी जितेन्द्र कुमार द्वारा कांड के उद्भेदन एवं अभियुक्त के गिरफ्तारी हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में आज एक टीम का गठन किया गया था। गठित टीम द्वारा घटना के संदर्भ में तकनीकी तथा मानवीय सूचना के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन करते हुए घटना में संलिप्त अभियुक्त जोकीहाट के चकई निवासी मो. महताब आलम को गिरफ्तार किया गया तथा इनके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार देशी पिस्टल के साथ दो कारतूस को बरामद की गई।
छापामारी दल में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा,एसआई रजनीकांत कुमार,पंकज कुमार और सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे। जानकारी सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने मंगलवार शाम को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।उधर घायल उमर का पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है,जो खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

