home page

आत्मनिर्भरता के साथ देशभक्ति की मिसाल,जीविका दीदियों ने तैयार किए 36 हजार से अधिक तिरंगे

 | 
आत्मनिर्भरता के साथ देशभक्ति की मिसाल,जीविका दीदियों ने तैयार किए 36 हजार से अधिक तिरंगे


अररिया 14 अगस्त(हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस पर जिले में देशभक्ति और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करते हुए जीविका दीदियों द्वारा 36 हजार से अधिक राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए गए। इन तिरंगों का निर्माण जीविका दीदियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं अतिरिक्त आमदनी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया।जिसे जिले के सभी 9 प्रखंडों में तिरंगों का वितरण किया गया है। प्रत्येक प्रखंड को लगभग 4 हजार तिरंगे उपलब्ध कराए गए, ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों में इनका उपयोग किया जा सके।

87 जीविका दीदियों ने तैयार किये है तिरंगा

सभी तिरंगों का निर्माण अररिया सदर प्रखंड स्थित दीप सीएलएफ की देखरेख में एकीकृत रूप से किया गया। इस कार्य में कुल 87 जीविका दीदियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। जीविका दीदियों ने लगातार 6 दिनों तक कठिन मेहनत और लगन के साथ तिरंगों की सिलाई एवं निर्माण का कार्य पूरा किया।इस पहल से जीविका दीदियों को उनकी मेहनत के बदले अच्छी आमदनी प्राप्त होगी, जो उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक साबित होगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और कौशल के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने तथा उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

तिरंगा निर्माण में शामिल जीविका दीदियों ने कहा कि देश के राष्ट्रीय पर्व के लिए तिरंगा तैयार करना उनके लिए रोजगार के साथ-साथ देशसेवा और गर्व का विषय भी है। उन्होंने बताया कि इस कार्य से उन्हें आर्थिक लाभ के साथ ही अपने हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर भी मिला है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर