home page

रामनवमी रथयात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, सुरक्षा-सफाई से लेकर रूट व्यवस्था पर बनी कार्ययोजना

 | 
रामनवमी रथयात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, सुरक्षा-सफाई से लेकर रूट व्यवस्था पर बनी कार्ययोजना


अररिया 23 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज में रामनवमी पर निकलने वाले पारंपरिक रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में स्थानीय प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में अनुमंडल प्रशासन एवं रामनवमी संचालन समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अभय तिवारी ने किया, जबकि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी एवं समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में रथयात्रा के सफल आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, स्वयंसेवकों की तैनाती और संवेदनशील स्थलों की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि रामनवमी आस्था, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द का पर्व है, इसलिए आयोजन की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर प्रशासन की नजर रहेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साह ने कहा कि रथयात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था प्रशासन की पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने संकेत दिया कि जुलूस मार्ग के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सीसीटीवी निगरानी, गश्ती दल, दंडाधिकारियों की मौजूदगी तथा यातायात के वैकल्पिक प्रबंध पर भी चर्चा की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और शहर की सामान्य व्यवस्था भी बनी रहे।

वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, नाले-नालियों की सफाई, सड़क किनारे जमा कचरे का उठाव, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रथयात्रा मार्ग पर अंधेरा, गंदगी या अवरोध जैसी कोई समस्या नहीं रहनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी प्रकाश और अतिरिक्त सफाईकर्मियों की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।

बैठक के दौरान रामनवमी संचालन समिति के सदस्यों ने भी आयोजन को लेकर अपने सुझाव रखे। समिति की ओर से यात्रा मार्ग की मरम्मत, कुछ स्थानों पर सड़क समतलीकरण, संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सुरक्षा, महिला श्रद्धालुओं की सुविधा तथा जुलूस के दौरान समुचित यातायात नियंत्रण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि हर वर्ष रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल होते हैं, ऐसे में प्रशासनिक तैयारी जितनी मजबूत होगी, आयोजन उतना ही सफल और व्यवस्थित होगा।

प्रशासन ने समिति से स्वयंसेवकों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जुलूस के दौरान प्रशासन और आयोजन समिति के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। यह भी तय हुआ कि स्वयंसेवकों की भूमिका भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने में महत्वपूर्ण होगी। बैठक में सभी पक्षों ने इस बात पर बल दिया कि धार्मिक उत्साह के साथ-साथ अनुशासन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर