नवजात शिशु की मौत पर निजी अस्पताल में हंगामा
अररिया 28 अगस्त(हि.स.)।
फारबिसगंज रेफरल रोड स्थित बचपन नियो एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में शुक्रवार दोपहर को एक नवजात शिशु की मौत होने पर परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया।सूचना पर मौके पर तुरंत फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस अधिकारियों और बलों के साथ पहुंचकर हंगामा कर रहे परिजनों को शांत कराया।
मामले को लेकर झोंकरन वार्ड संख्या आठ के रहने वाले मो. मौक़ीम ने बताया कि गुरुवार की रात को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में नवजात शिशु का जन्म हुआ था।जिसके बाद मौके पर अस्पताल में मौजूद आशा शिशु को लेकर बचपन नियो एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में बच्चे के डॉक्टर डॉ दीपक कुमार के पास लेकर पहुंची।जहां तत्काल अस्पताल के कर्मियों के द्वारा दो हजार रुपैया तत्काल जमा करवाया गया और कुल नौ हजार में बच्चे को एनआईसीयू में रखने की बात हुई और बच्चे को एनआईसीयू में शीशे के बॉक्स में बच्चे को रखा गया।सुबह में और पैसे की मांग की जाने लगी और बच्चे को बाहर ले जाने की बात कही गई। वहीं नवजात के नाना नरपतगंज खैरा चंदा निवासी ने ब्याज पर पैसे का प्रबंध कर लाने की बात कही।परिजनों ने पैसे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।जिसके बाद अस्पताल में हंगामा होने लगा।
सूचना पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस अधिकारी और बलों के साथ पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और लिखित शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।लेकिन बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोकल लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच मामले को लेकर सुलह करा दिया गया।
बचपन नियो एंड चाइल्ड हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने परिजनों के आरोप को सिरे से खारिज किया और अस्पताल में सीसीटीवी लगे होने की बात करते हुए सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से आरोप को लेकर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

