home page

फारबिसगंज में धरोहर जीर्णोद्धार समिति की बैठक, शहर के विकास पर बनी रणनीति

 | 
फारबिसगंज में धरोहर जीर्णोद्धार समिति की बैठक, शहर के विकास पर बनी रणनीति


अररिया 06 मई(हि.स.)।

फारबिसगंज में धरोहर के रूप में स्थापित सुल्तान पोखर,रेणु सार्वजनिक पुस्तकालय और मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार को लेकर गठित समिति की बैठक एक होटल के सभागार में हुई।बैठक का मार्गदर्शन वाह जिंदगी के संस्थापक ललित सरावगी ने किया,जबकि संचालन पवन अग्रवाल द्वारा किया गया।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने शहर के विभिन्न ऐतिहासिक एवं सामाजिक स्थलों के विकास को लेकर अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। विशेष रूप से श्मशान घाट के जीर्णोद्धार को लेकर चर्चा हुई, जिसमें पुरानी समिति के पुनः सक्रिय होने पर सभी ने साधुवाद व्यक्त किया और पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

सुल्तान पोखर के सौंदर्यीकरण पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। वार्ड पार्षद सह उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बुलबुल यादव ने जानकारी दी कि इसके लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है तथा जमीन मालिक द्वारा भी सौंदर्यीकरण हेतु सहमति प्रदान कर दी गई है।

वहीं रेणु सार्वजनिक पुस्तकालय के जीर्णोद्धार को लेकर बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इसे आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाना चाहिए। इसके लिए 11 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जिसमें संयोजक के रूप में अनिल अग्रवाल, सह-संयोजक के रूप में पियूष अग्रवाल एवं गोपाल अग्रवाल को मनोनीत किया गया। यह समिति अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर जीर्णोद्धार की मांग के साथ एक विस्तृत परियोजना भी प्रस्तुत करेगी।

इसके अलावा, सांवलिया कुंज मंदिर के पास एक प्याऊ लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसे ललित सरावगी द्वारा स्थापित किया जाएगा तथा इसकी देखरेख लायंस क्लब फारबिसगंज द्वारा की जाएगी।

बैठक में राजकुमार लड्डा एवं इंजीनियर आयुष अग्रवाल को फारबिसगंज धरोहर जीर्णोद्धार समिति का प्रवक्ता मनोनीत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर