home page

चैत्र नवरात्र के चौथे दिन मां कुष्मांडा की हुई पूजा अर्चना

 | 
चैत्र नवरात्र के चौथे दिन मां कुष्मांडा की हुई पूजा अर्चना


अररिया 22 मार्च(हि.स.)। चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार को श्रद्धालुओं ने मां के चौथे स्वरूप कूष्मांडा की पूजा अर्चना की गई। घरों व दुर्गा मंदिरों में श्रद्धा व भक्ति के साथ श्रद्धालुओं ने मां भवानी की पूजा-अर्चना की। साथ ही सुबह व शाम में आरती भी की। कई घरों व मंदिरों में नौ दिवसीय पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है। चैती दुर्गा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों पर सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालु पहुंचते रहे।

पंडितों ने विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चारण कर विधिवत ढंग से पूजा-अर्चना करायी। श्रद्धालुओं के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर एवं पूजा पंडाल गुंजायमान हो गया। चैती दुर्गा मंदिर के समीप पूजन सामग्री, प्रसाद, सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने-गुब्बारे आदि की काफी संख्या में दुकानें लगने लगी है। कई दुकाने खुल भी गई है जहां श्रद्धालुओं ने दुकानों से पूजन सामग्रियों व प्रसाद की खरीदारी की। इसके बाद मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। वहीं पूरा करने के बाद महिला श्रद्धालुओं ने सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर पहुंचकर विभिन्न सामग्रियों की खरीदारी की।

इधर मेले को लेकर भी तैयारी शुरू हो गयी। दूर-दूराज के व्यवसायी अपनी-अपनी दुकानें लगाने लगे हैं। इधर मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी, नवरंग पूजा समिति सहित रेणु सार्वजनिक पुस्तकालय परिसर स्थित श्री दुर्गा मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। रेणु सार्वजनिक पुस्तकालय स्थित दुर्गा मंदिर में पंड़ित काशीनाथ झा की अगुवाई व पार्षद गणेश गुप्ता की देखरेख में चौथे दिन माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर