बिहार दिवस पर निकला बिहार गौरव शोभायात्रा,अधिकारी समेत बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं हुए शामिल
अररिया 22 मार्च(हि.स.)। बिहार की समृद्ध और गौरवशाली इतिहास को लेकर मनाया जाने वाला बिहार दिवस के मौके पर रविवार को फारबिसगंज में अनुमंडल प्रशासन की ओर से बिहार गौरव शोभायात्रा निकाली गई,जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साहा समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ स्कूली छात्र छात्राएं और शहर के प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।
बिहार गौरव शोभा यात्रा का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज अभय कुमार तिवारी के द्वारा द्विजदेनी मैदान से किया गया। यह शोभा यात्रा द्विजदेनी स्कूल मैदान से निकलकर पटेल चौक स्टेशन चौक होते हुए पोस्ट ऑफिस चौक पर जाकर संपन्न हुई। बिहार गौरव शोभायात्रा में मिथिला पब्लिक स्कूल,शिशु शिक्षा सदन, एसजी टीचिंग सेंटर, कोशी पब्लिक स्कूल, कन्या मध्य विद्यालय, द्विजदेनी स्मारक उच्च विद्यालय,आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल,नोवेल एकेडमी सहित अन्य शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र छात्राएं सम्मिलित हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

