home page

अंबेडकर आवासीय विद्यालय के शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर किया अध्यापन कार्य

 | 
अंबेडकर आवासीय विद्यालय के शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर किया अध्यापन कार्य


अररिया 24 अप्रैल(हि.स.)। फारबिसगंज के रामपुर में अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित अंबेडकर आवासीय विद्यालय के शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों और व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

विद्यालय में आधारभूत संरचना की विफलता, संवैधानिक अधिकारों के हनन और शिक्षकों के मानसिक शोषण के विरोध में सभी शिक्षकों ने शुक्रवार को काला बिल्ला लगाकर अध्यापन कार्य किया और अपना विरोध दर्ज कराया।

आंदोलनकारी शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से बेहद कठिन और अमानवीय परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। विद्यालय की वर्तमान समय सारणी में तत्काल संशोधन कर शिक्षकों के कार्य घंटों को न्यायसंगत तरीके से निर्धारित करने,अवकाश सारणी में सुधार,वेतन विसंगति को दूर करने,बीपीएससी के माध्यम से नियुक्त शिक्षकों का वेतनमान अन्य आवासीय विद्यालयों की तर्ज पर सातवें वेतनमान के अनुरूप करने, मेस प्रभार, छात्रावास अधीक्षक और कार्यालय कार्यों जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए नियमित पदों पर बहाली करने,बहाली से पूर्व गैर शैक्षणिक कार्यों के लिए अतिरिक्त भत्ता देने जैसी प्रमुख मांगें हैं।

शिक्षकों ने कड़े शब्दों में प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 27 तारीख तक उनकी जायज मांगों पर विचार नहीं किया गया और कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो सभी शिक्षक पूर्णतः कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर