डीएम ने तीन राजस्व कर्मचारी को किया निलंबित, नरपतगंज सीओ पर प्रपत्र गठित
अररिया 10 अप्रैल(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के आरोप में तीन राजस्व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मचारियों में फारबिसगंज अंचल के विकास कुमार मंडल,राजेश कुमार शशि तथा नरपतगंज अंचल की रेणु कुमारी शामिल हैं।
जारी आदेशानुसार तीनों कर्मचारियों पर बिहार भूमि दाखिल-खारिज अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप है। इनके विरुद्ध बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के तहत कार्रवाई की गई है।
फारबिसगंज अंचल में राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान विकास कुमार मंडल के लॉगिन में परिमार्जन प्लस से संबंधित बड़ी संख्या में मामले लंबित पाए गए। कुशमाहा हल्का के 104, पिपरा के 187 और जोगबनी हल्का के 45 मामले लंबित थे। इसके अलावा कुशमाहा हल्का के 167 परिमार्जन प्लस और 200 दाखिल-खारिज के मामले भी पेंडिंग मिले। इस पर डीसीएलआर के माध्यम से सीओ फारबिसगंज ने कार्रवाई की अनुशंसा की थी। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नरपतगंज अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है।
वहीं राजेश कुमार शशि के कार्यों की समीक्षा में नगर परिषद फारबिसगंज से जुड़े 45 परिमार्जन प्लस मामले, अन्य 129 परिमार्जन प्लस और 268 दाखिल-खारिज के मामले लंबित पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि वे समय पर जांच और रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करते थे तथा स्पष्टीकरण का जवाब भी संतोषजनक नहीं था। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय भरगामा अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है।
तीसरे मामले में नरपतगंज अंचल की राजस्व कर्मचारी रेणु कुमारी के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। शिकायतकर्ता संतोष कुमार यादव के मामले में जांच के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें सीओ के नाम पर अवैध राशि की मांग की जा रही थी। जांच में पाया गया कि रेणु कुमारी ने रिकॉर्ड ऑफ राइट में गलत तरीके से परिमार्जन कर बिना विधिसम्मत दाखिल-खारिज के जमाबंदी सृजित कर दी थी। यह कृत्य सरकारी नियमों और आचरण के विपरीत पाया गया।
जिलाधिकारी द्वारा तीनों कर्मचारियों के खिलाफ अलग-अलग आरोप पत्र प्रपत्र ‘क’ में गठित करने का भी निर्देश दिया है। इसके अलावा जिलाधिकारी द्वारा नरपतगंज अंचलाधिकारी के खिलाफ भी प्रपत्र क में आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

