home page

रामनवमी रथयात्रा पर प्रशासन की रही पैनी नजर,कंट्रोल रूम में डीएम और एसपी करते रहे निगरानी

 | 
रामनवमी रथयात्रा पर प्रशासन की रही पैनी नजर,कंट्रोल रूम में डीएम और एसपी करते रहे निगरानी


अररिया 26 मार्च(हि.स.)।

जिले में रामनवमी के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह चौकस है। सीसीटीवी के माध्यम से रामनवमी रथयात्रा में सभी प्रकार के गतिविधियों पर नजर रखी गई।

फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र में रामनवमी के अवसर पर निकली भव्य शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर नगर परिषद स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जिलाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार द्वारा पूरे कार्यक्रम की निगरानी की गई।

इस दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शोभा यात्रा की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। कंट्रोल रूम में मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।

जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं गश्ती दल की तैनाती की गई है। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी बरती गई।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन से रामनवमी पर्व शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर