मिशन शक्ति योजनाओं की बैठक में डीएम ने की समीक्षा, महिला सशक्तिकरण को लेकर दिए निर्देश
अररिया 07 अप्रैल(हि.स.)।
डीएम विनोद दूहन अध्यक्षता में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित मिशन शक्ति की विभिन्न योजनाओं को लेकर संचालन समिति की बैठक हुई।
बैठक में मिशन शक्ति योजना अंतर्गत संचालित सम्बल और सामर्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत नगर क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइंस एवं टेक्नोलॉजी से संबंधित प्रशिक्षण केंद्र तथा डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का निर्देश जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल एवं तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्थानीय रोल मॉडल को जिले में आइकॉन के रूप में प्रस्तुत किया जाए, ताकि अन्य बच्चों को प्रेरणा मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर में दर्ज सभी मामलों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद महिलाएं हर महिला का साथी टोल फ्री नंबर 181 पर संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल को वन स्टॉप सेंटर भवन निर्माण के लिए अविलंब टेंडर प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बैठक में संचालन समिति के सभी सदस्यों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सिविल सर्जन, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई, अपर समाहर्ता (बैंकिंग), जिला नियोजन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, एलडीएम तथा कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

