डीएम ने नवस्थापित डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर की ,शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा
अररिया 06 अगस्त(हि.स.)।डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में गुरुवार को जिले के सभी नवस्थापित डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के डिग्री कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था एवं उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक कॉलेज में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या, विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता, वर्ग संचालन तथा अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की कॉलेजवार गहन समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित प्राचार्यों से कॉलेज में संचालित पाठ्यक्रमों एवं विद्यार्थियों की संख्या के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी प्राचार्यों को निर्देश दिया कि प्रत्येक कॉलेज में नामांकित विद्यार्थियों का गृह प्रखंड से संबंधित विवरण तैयार कर जिला शिक्षा पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के गृह प्रखंडवार विवरण उपलब्ध होने से उन्हें उनके गृह प्रखंड के निकट स्थित डिग्री कॉलेजों में समायोजित करने की संभावनाओं का आकलन किया जा सकेगा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राप्त विवरण के आधार पर विश्वविद्यालय के कुलपति से आवश्यक अनुरोध किया जाएगा, ताकि नियमानुसार विद्यार्थियों के समायोजन की दिशा में उचित कार्रवाई की जा सके।उन्होंने सभी प्राचार्यों को कॉलेजों में नियमित एवं सुचारु रूप से वर्ग संचालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही उपलब्ध शिक्षकों एवं संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक में सभी संबंधित डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं डीपीओ, माध्यमिक शिक्षा उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

