home page

बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक,पूर्व तैयारी ससमय सुनिश्चित करने के निर्देश

 | 
बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक,पूर्व तैयारी ससमय सुनिश्चित करने के निर्देश


अररिया 08 अप्रैल(हि.स.)।

डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों तथा भीषण गर्मी एवं लू से बचाव को लेकर बुधवार को समीक्षात्मक बैठक हुई।

बैठक में जिले में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के क्रम में जिला में उपलब्ध संसाधनों यथा वर्षामापक यंत्र, सरकारी नाव, लाइफ जैकेट, पॉलीथिन शीट्स, मानव दवा, पशु दवा एवं पशु चारा, जिलांतर्गत अवस्थित शरण स्थल, तटबंधों एवं सड़कों की स्थिति, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र सह जिला नियंत्रण कक्ष का संचालन, सहाय्य अनुदान हेतु लाभुकों की सूची का विभागीय पोर्टल पर अपडेशन इत्यादि कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान सभी अंचल अधिकारियों को उपलब्ध नावों का सत्यापन करते हुए आवश्यकतानुसार मरम्मती कराने, आवश्यक पॉलीथिन शीट्स का आकलन कर जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से अधियाचना करने, अंचल परिसर में अधिष्ठापित वर्षामापक यंत्रों का निरीक्षण करने के साथ साथ अन्य संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य ससमय पूर्ण कर लेने हेतु निदेशित किया गया।

जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में संभावित सुखाड़, भीषण गर्मी एवं लू से बचाव के उपायों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।

नगर निकायों को आमजनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था करने साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में ओआरएस, आईवी फ्लूड, जीवन रक्षक दवाएं एवं कूल रूम उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा अन्य संबंधित विभागों को भीषण गर्मी एवं सुखाड़ से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले के वरीय अधिकारी सहित सभी प्रखंडों के सीओ मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर