home page

जनता दरबार में डीएम ने सुनी 95 फरियादियों की फरियाद

 | 
जनता दरबार में डीएम ने सुनी 95 फरियादियों की फरियाद


अररिया 19 सितम्बर(हि.स.)। जनता दरबार में जिले के डीएम विनोद दूहन ने शनिवार काे 95 फरियादियों की फरियाद पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पादन को लेकर निर्देशित किया।

डीएम ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच करते हुए समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में नरपतगंज के बसमतिया निवासी रामेश्वर शाह ने बिहार सरकार की गैर मजरुआ आम भूमि का गलत तरीके से बंटवारा कर भू-अर्जन कार्यालय से मुआवजा राशि प्राप्त किए जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। वहीं भरगामा के मनुलहपट्टी निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बिहार सरकार की जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।

फारबिसगंज के ढोलबज्जा निवासी मनीषा खातून ने बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराने को लेकर आवेदन दिया। रानीगंज के विशनपुर निवासी विनोद मंडल ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। वहीं पलासी के डेहटी दक्षिण निवासी सलीम खान एवं अन्य ने ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी क्रम में फारबिसगंज के कुड़वा लक्ष्मीपुर निवासी मुकेश कुमार ने वार्ड संख्या-6 में हो रहे पीसीसी ढलाई कार्य में अनियमितता की शिकायत की। नरपतगंज के मानिकपुर निवासी रामेश्वर राम एवं अन्य ने भू-हदबंदी से अर्जित जमीन से बेदखल किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।

पलासी के पचेली निवासी देवी रुखसाना खातून ने फसल क्षति का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं कुर्साकांटा निवासी प्रेमलता देवी ने अपने द्वारा खरीदी गई जमीन से विपक्षियों द्वारा बेदखल किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

इसके अलावा मोतीलाल ऋषिदेव, असरफी दास, सुनीता देवी, मो. राजा नूर, अमित कुमार सहित अन्य फरियादियों ने भी बारी-बारी से अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर