डीएम ने पंचायत और नगर निकाय स्तर पर स्थापित गैस वितरण नियंत्रण कक्ष का लिया जायजा
अररिया 05 अप्रैल(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने रविवार को पंचायत एवं नगर निकायों में स्थापित गैस वितरण नियंत्रण कक्ष का स्टॉक, वितरण सहित अन्य व्यवस्था का जिला नियंत्रण कक्ष से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने एलपीजी गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान पंचायत एवं नगर पंचायत,नगर परिषद स्तर पर स्थापित गैस वितरण नियंत्रण कक्षों से संबंधित अद्यतन जानकारी प्राप्त की गई। विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा उपलब्ध कराए गए सिलेंडरों की संख्या, नियंत्रण कक्षों के माध्यम से उपभोक्ताओं को वितरित किए गए सिलेंडरों की संख्या तथा शेष उपलब्ध स्टॉक की भी जानकारी प्राप्त की गई।
जिला पदाधिकारी ने नियंत्रण कक्षों में तैनात प्रतिनिधि कर्मियों से दूरभाष पर संवाद कर जमीनी स्तर की स्थिति का भी आकलन किया।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित जिला आपूर्ति कार्यालय में उपस्थित पदाधिकारी एवं कर्मी को भी कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

