डीएम ने संभावित बाढ़ से निबटने को लेकर नदी के तटबंधों का किया निरीक्षण
अररिया 19 जून(हि.स.)।
संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निबटने तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से डीएम विनोद दूहन ने जिले के विभिन्न संवेदनशील नदी तटबंधों एवं धारों का स्थल निरीक्षण किया।डीएम ने नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत कजराधार एवं सुरसर धार का निरीक्षण किया। वहीं फारबिसगंज प्रखंड में पीपरा धार का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की क्षति या कटाव की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने तटबंधों के संवेदनशील स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग, आवश्यक मरम्मत कार्यों की समयबद्ध पूर्णता तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने का निर्देश दिया।
मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन,फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता फ्लड डिवीजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी नरपतगंज एवं फारबिसगंज उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

