home page

एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता,कंट्रोल रूम मामलों का कर रहा निष्पादन:डीएम

 | 
एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता,कंट्रोल रूम मामलों का कर रहा निष्पादन:डीएम


अररिया 07 अप्रैल(हि.स.)।

जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को लेकर मंगलवार को डीएम विनोद दूहन मीडिया से बातचीत करते हुए जिले में गैस की उपलब्धता को पूरी तरह पर्याप्त बताया।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कुल 14,866 गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। आम लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

जिलाधिकारी ने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिले के सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन,पंचायत भवन पर गैस वितरण कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत एवं नगर परिषद के अंतर्गत तीन-तीन वार्डों का क्लस्टर बनाकर कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आसानी से गैस उपलब्ध हो रही है।सभी गैस एजेंसियों में पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है, जो वितरण प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा जिले में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहां जिला आपूर्ति पदाधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग एवं जिला पंचायत पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की तैनाती की गई है।

अनियमितताओं पर कार्रवाई के लिए जिले में 27 छापेमारी टीमों का गठन किया गया है। अब तक 55 गैस एजेंसियों पर 376 छापेमारी की जा चुकी है, जिसमें फारबिसगंज एवं अररिया से कुल 268 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।वहीं 14 गैस एजेंसियों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रखंड स्तर पर 199 गैस वितरण केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा सभी 211 पंचायतों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में कुल 42 क्लस्टर बनाकर गैस वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त जिले की 13 प्रमुख गैस एजेंसियों पर समन्वयक की तैनाती की गई है, जो गैस की उपलब्धता, वितरण और आपूर्ति की दैनिक रिपोर्ट जिला नियंत्रण कक्ष को भेज रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शंभू कुमार रजक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिनेश पासवान, सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण सुबोध कुमार उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर