home page

प्रभावित किसानों के लिए प्रशासन अलर्ट, गड़बड़ी करने वालों की सूचना नियंत्रण कक्ष को दें: डीएम

 | 
प्रभावित किसानों के लिए प्रशासन अलर्ट, गड़बड़ी करने वालों की सूचना नियंत्रण कक्ष को दें: डीएम


अररिया 07 मई(हि.स.)।डीएम विनोद दूहन ने कहा कि जिले में विगत दिनों आए आंधी-तूफान एवं भारी वर्षा से प्रभावित किसानों को बिहार सरकार द्वारा सहायता राशि उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया में है। यह राशि नुकसान के आकलन के आधार पर पारदर्शी तरीके से वितरित की जाएगी।

जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि राहत सहायता वितरण प्रक्रिया से पूर्व आवेदनों की सत्यता की जांच में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है तथा इसमें किसी भी स्तर पर अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या कर्मी के द्वारा सहायता राशि दिलाने के नाम पर किसी प्रकार की अनुचित मांग की जाती है, तो उसे गंभीर अपराध माना जाएगा और संबंधित व्यक्ति और कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने आम जनता, विशेषकर प्रभावित किसानों से अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही सहायता राशि पूरी तरह निःशुल्क है। इसके लिए किसी बिचौलिए या अन्य के झांसे में आने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर