home page

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

 | 
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ


अररिया 29 सितम्बर(हि.स.)।

खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ डीएम विनोद दूहन ने नेताजी सुभाष स्टेडियम में मंगलवार को दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 29 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक होगा। प्रतियोगिता की विभिन्न खेल स्पर्धाएं नेताजी सुभाष स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम एवं खेल भवन-सह-व्यायामशाला के परिसर में आयोजित की जाएगी।

इस खेल महाकुंभ में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, कुश्ती, शतरंज, योगा, क्रिकेट, वूशु, हॉकी, रग्बी, खो-खो, साइकिलिंग, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, तलवारबाजी एवं सेपक टकरा सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी विद्यालयों की प्रतियोगिता में सहभागिता अनिवार्य की गई है।

इस अवसर पर जिले के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर