home page

तीस वर्षों बाद अररिया पहुंचे जिला क्रिकेट संघ के संस्थापक सदस्य रहे शैलेंद्र कुमार को संघ ने किया सम्मानित

 | 
तीस वर्षों बाद अररिया पहुंचे जिला क्रिकेट संघ के संस्थापक सदस्य रहे शैलेंद्र कुमार को संघ ने किया सम्मानित


अररिया,26 जुलाई(हि.स.)।

अररिया जिला क्रिकेट संघ के संस्थापक सदस्य एवं जिले में क्रिकेट के विकास में अग्रणी रहे शैलेंद्र कुमार के लगभग तीस वर्षों बाद अररिया आगमन पर संघ की ओर से नेताजी सुभाष स्टेडियम स्थित कार्यालय में रविवार को समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया।उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में संघ के वरिष्ठ सदस्य सत्येन्द्र नाथ शरण, सचिव राजेंद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष परवेज़ आलम, बिहार क्रिकेट संघ के पूर्व काउंसलर ओम प्रकाश जायसवाल, सदस्य अनामी शंकर सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि शैलेंद्र कुमार जब भारतीय स्टेट बैंक अररिया में कार्यरत थे, तब उन्होंने अररिया जिला क्रिकेट संघ की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही जिले में क्रिकेट के विकास, संगठन को मजबूत बनाने तथा युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है। उनके प्रयासों से जिले में क्रिकेट को नई पहचान मिली, जिसे अररिया का खेल जगत सदैव याद रखेगा।

सम्मान ग्रहण करने के बाद शैलेंद्र कुमार ने कहा कि अररिया जिला क्रिकेट संघ को निरंतर प्रगति करते देख अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। आज संघ के ऊर्जावान पदाधिकारियों और सदस्यों को देखकर विश्वास है कि जिले का क्रिकेट और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। यह जानकर भी खुशी होती है कि संघ के पुराने सदस्य आज भी संरक्षक के रूप में जुड़े हुए हैं और उनके मार्गदर्शन में अररिया क्रिकेट लगातार आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के अंत में संघ के पदाधिकारियों ने शैलेंद्र कुमार के योगदान को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन भविष्य में भी जिला क्रिकेट संघ और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर