सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक,जिले में दुर्घटना के लिए 36 स्थान ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित
अररिया,24 नवम्बर(हि.स.)।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई, दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर सांसद प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक हुई की बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों, दुर्घटनाओं के कारणों, चिह्नित ब्लैक स्पॉट, हेलमेट एवं सीट बेल्ट जांच अभियान, हिट एंड रन मामलों, दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजा, गुड सेमेरिटन, वाहन चालकों के प्रशिक्षण, यात्री वाहनों के किराया निर्धारण तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता सहित विभिन्न बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 1,158 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 496 हिट एंड रन तथा 662 नॉन-हिट एंड रन दुर्घटनाएं शामिल हैं।सांसद ने निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं का केवल सांख्यिकीय विश्लेषण करने तक सीमित न रहा जाए, बल्कि प्रत्येक गंभीर दुर्घटना के घटनास्थल एवं उसके कारणों का विशिष्ट अध्ययन कराया जाए। जिन स्थानों पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां संबंधित विभाग संयुक्त रूप से स्थायी सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करें।
उन्होंने थाना स्तर पर भी दुर्घटना स्थलों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से सुझाव प्राप्त करने तथा उन सुझावों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने पर बल दिया। बैठक में जिले में चिह्नित ब्लैक स्पॉट के सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। प्रस्तुत विवरण के अनुसार एनएचआई दरभंगा द्वारा चिह्नित 36 स्थलों में से 32 स्थलों पर अनुपालन किया गया है, जबकि 4 स्थल लंबित हैं। इसी प्रकार एनएचआई पूर्णिया द्वारा चिह्नित 10 स्थलों में से 7 पर अनुपालन किया गया है तथा 3 स्थल लंबित हैं। सांसद ने लंबित स्थलों पर शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्पीड ब्रेकर,रंबल स्ट्रिप, रोड साइनेज, जेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े कई बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

