ग्रामीण आवास सहायक पर डीडीसी ने की विभागीय कार्रवाई, मानदेय में कटौती का आदेश
अररिया 19 जून(हि.स.)।
प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में लापरवाही, कार्य क्षेत्र से लगातार अनुपस्थित रहने, वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने तथा आवास योजना के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लेने के आरोप में रानीगंज के कोशकापुर दक्षिण पंचायत की ग्रामीण आवास सहायक कुमारी संगीता के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई है।
डीडीसी रोजी कुमारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार रानीगंज बीडीओ की अनुशंसा के आधार पर ग्रामीण आवास सहायक से स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्राप्त स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने के बाद मामले की समीक्षा की गई।
जांच में यह पाया गया कि संबंधित कर्मी द्वारा लगातार कार्य क्षेत्र से अनुपस्थित रहने, समीक्षात्मक बैठकों में भाग नहीं लेने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों के प्रति उदासीनता बरतने के कारण पंचायत क्षेत्र में योजना की प्रगति प्रभावित हुई है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित ग्रामीण आवास सहायक के विरुद्ध पूर्व में भी अनुशासनहीनता एवं कार्य में लापरवाही के मामलों में कार्रवाई करते हुए जिला आदेश संख्या 3822/अभि. दिनांक 31.12.2022 के माध्यम से मूल मानदेय में 20 प्रतिशत की कटौती एक वर्ष के लिए की गई थी तथा अंतिम चेतावनी भी दी गई थी।
इसके बावजूद कार्यशैली में सुधार नहीं पाया गया।फलस्वरूप डीडीसी द्वारा विभागीय पत्रांक-196 दिनांक 25.03.2022 में वर्णित प्रावधानों के आलोक में कुमारी संगीता के मूल मानदेय में 05 प्रतिशत की कटौती एक वर्ष की अवधि के लिए अधिरोपित की गई है। साथ ही उन्हें अंतिम चेतावनी भी दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

