खेत में नंगे तार की चपेट में आयी महिला,करंट लगने से हुई मौत
अररिया 20 जुलाई(हि.स.)। जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के मानुलहपट्टी पंचायत के रहड़िया गांव में लापरवाही के कारण बिजली करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। साेमवार काे बुनिया देवी (55) खेत में से होकर गुजर रही थी। इस दाैरान खेत में बिछे नंगे तार से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गई,जिसमें बुनिया देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, करंट किसी तकनीकी खराबी से नहीं, बल्कि खेत में लगे पानी के मोटर को चोरी से बचाने के लिए जानबूझकर फैलाया गया था। बुनिया देवी रहडिया गांव वार्ड संख्या 13 निवासी नारायण यादव की पत्नी थी।
बताया जाता है कि वार्ड संख्या 12 के निवासी विजेंद्र यादव का पुत्र गणेश यादव पिछले करीब 15 दिनों से खेत में सिंचाई करने के लिए भाड़े पर एक मोटर चला रहा था।मोटर चोरी होने की आशंका के कारण, उसने सुरक्षा के नाम पर मोटर के चारों ओर बिजली का नंगा तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित कर छोड़ दिया था।बहरहाल मामले में भरगामा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

