home page

भागलपुर बाईपास रेल लाइन को स्वीकृति, एनडीए कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

 | 
भागलपुर बाईपास रेल लाइन को स्वीकृति, एनडीए कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न


भागलपुर, 26 मार्च (हि.स.)। बिहार में रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, रेल मंत्रालय ने भारतीय रेल की न्यू रेल लाइन वर्क्स पहल के अंतर्गत भागलपुर बाईपास रेल लाइन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है।

मालदा मंडल के अंतर्गत आने वाली यह भागलपुर बाईपास लाइन 13.38 किलोमीटर लंबी होगी, जिसकी अनुमानित लागत 303.02 करोड़ निर्धारित की गई है। यह रणनीतिक परियोजना भागलपुर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में वर्तमान रेल यातायात के दबाव को कम करने में सहायक होगी, जिससे यात्री एवं मालगाड़ियों की आवाजाही अधिक सुचारु एवं कुशल हो सकेगी।

यह नई बाईपास लाइन यात्रा समय में कमी लाने, परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा रेल सेवाओं की समयपालनता में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, यह विभिन्न प्रमुख रेल मार्गों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित कर क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति प्रदान करेगी। यह परियोजना बिहार के निवासियों के लिए परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करेगी तथा रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करेगी। इसके अतिरिक्त, सुदृढ़ रेल अवसंरचना से क्षेत्र के दीर्घकालिक सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।

उधर सबौर से गोनू धाम रेलवे बायपास निर्माण को मंजूरी मिलने पर सबौर स्टेशन पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। वरिष्ठ भाजपा नेता मंतोष कापरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के प्रति आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस बायपास से साउथ बिहार की कनेक्टिविटी बढ़ेगी, भागलपुर जंक्शन पर भीड़ कम होगी और सबौर के जर्दालू आम और कतरनी चावल की पहुंच देश-विदेश तक आसान होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर