home page

वार्षिक आमसभा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

 | 
वार्षिक आमसभा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित


सुपौल, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले पिपरा प्रखंड क्षेत्र के निर्मली में सहयोग जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, निर्मली-पिपरा की वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक आमसभा मंगलवार को आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया गया। आमसभा के दौरान समिति के कार्यों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में पिपरा प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से समिति से जुड़ी महिलाएं एवं जीविका कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस दौरान समिति की आय-व्यय तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और जीविका के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड परियोजना प्रबंधक (BPM) पिपरा कन्हैया कुमार सिंह एवं IBCB मैनेजर आशीष कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष सुधा कुमारी, सचिव रेखा कुमारी सहित जीविका कार्यकर्ता एवं समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

इस अवसर पर समिति एवं जीविका के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने में जीविका की गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।

आमसभा के दौरान उपस्थित सदस्यों ने समिति की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को जीविका से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता को लेकर आगे की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र