एमजीसीयू में राष्ट्रीय संगोष्ठी व ब्रजकिशोर सिंह वार्षिक पुरस्कार समारोह संपन्न
पूर्वी चंपारण,26 मार्च (हि.स.)। महात्मा गांधी केन्द्रीय विश्वविधालय के बुद्ध परिसर स्थित वृहस्पति सभागार में एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी सह गांधीवादी चिंतक ब्रजकिशोर सिंह वार्षिक पुरस्कार समारोह का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव एवं मुख्य अतिथि प्रो. कैलाश सोदानी द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। प्रारम्भ विश्वविद्यालय के छात्र मनोज द्वारा ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन से की गई। “वर्तमान समय में गांधीवादी चिंतन की प्रासंगिकता और साहित्य” विषय पर आयोजित संगोष्ठी के संयोजक मानविकी एवं भाषा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. राजेंद्र बडगूजर थे। कार्यक्रम का आयोजन मानविकी एवं भाषा संकाय तथा ब्रजकिशोर सिंह वार्षिक पुरस्कार समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री, भारत सरकार प्रो. संजय पासवान तथा गांधी संग्रहालय स्मारक समिति, मोतिहारी के सचिव विनय कुमार सिंह उपस्थित रहे। स्वागत वक्तव्य में प्रो. बडगूजर ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए संगोष्ठी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. कैलाश सोडाणी ने अपने विचारों में इतिहास, वर्तमान और नैतिक मूल्यों को जोड़ते हुए एक प्रभावशाली संदेश दिया। उन्होंने महाभारत युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा, “अहिंसा का पुजारी भी अंततः हिंसा का शिकार हुआ,” जो आज के समय की विडंबना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को सत्य और स्वच्छता के साथ जीवन जीना चाहिए, क्योंकि यही गांधीवादी विचारधारा की मूल आत्मा है।
कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं विद्वानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपस्थिति से अत्यंत हर्ष हो रहा है। उन्होंने बताया कि ब्रजकिशोर सिंह वार्षिक पुरस्कार समारोह का आयोजन एमजीसीयू परिसर में विशेष प्रयासों के बाद संभव हो पाया। उन्होंने सभी पुरस्कृत लेखकों को शुभकामनाएं दीं तथा उनकी गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय गांधीजी के विचारों को संरक्षित और प्रसारित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
गांधी संग्रहालय स्मारक समिति के सचिव विनय कुमार सिंह ने ब्रजकिशोर सिंह वार्षिक पुरस्कार की स्थापना की पृष्ठभूमि बताते हुए गांधीजी के विचारों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चंपारण भारत की पहचान है और गांधीजी का उल्लेख चंपारण के बिना अधूरा है। समारोह में वर्ष 2022, 2023 और 2024 के लिए ब्रजकिशोर सिंह वार्षिक पुरस्कार प्रदान किए गए। वर्ष 2022 का पुरस्कार भैरव लाल दास को उनकी पुस्तक ‘राजकुमार शुक्ल’ पर आधारित कृति के लिए दिया गया। वर्ष 2023 के लिए प्रो. गिरीश्वर मिश्र को ‘मंगल प्रभात की प्रतीक्षा’ तथा वर्ष 2024 के लिए प्रो. बी.एम. शर्मा को ‘सत्याग्रह की पाठशाला’ पुस्तक के लिए दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इस पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी, लेकिन विगत वर्षों में आयोजन नहीं हो पाने के कारण इन वर्षों के पुरस्कार इस मंच से प्रदान किए गए। संबोधन में भैरव लाल दास ने गांधीजी के विचारों को दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया और चंपारण को क्रांति व शांति की भूमि बताया। वहीं प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने गांधीजी की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के प्रयासों की सराहना करते हुए वर्तमान समय में सत्य और अहिंसा की प्रासंगिकता को रेखांकित किया।
प्रो. बी.एम. शर्मा ने गांधीजी के आश्रमों और उनके विचारों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि गांवों के विकास के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है।
उन्होंने गांधीजी के आंदोलनों और जीवन दर्शन को समझने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रो. सुनील महावर ने मंच से सभी अतिथियों एवं विद्वान गणों का हार्दिक आभार व्यक्त किया,साथ ही, ब्रजकिशोर सिंह पुरस्कार समिति के सभी सदस्यों के प्रति भी उन्होंने कृतज्ञता प्रकट की, जिनके अथक प्रयासों से आयोजन को सफल बनाया जा सका। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, शोधार्थी एवं छात्र उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

