home page

भारत विकास परिषद ने चलाया ‘एनीमिया मुक्त भारत अभियान

 | 
भारत विकास परिषद ने चलाया ‘एनीमिया मुक्त भारत अभियान


सीवान, 11 जुलाई (हि.स.)। भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, देशरत्न शाखा–सिवान की ओर से शनिवार को एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत पचरूखी स्थित गांधी स्मारक विद्या मंदिर एवं प्रोजेक्ट आदर्श कन्या उच्च विद्यालय में एनीमिया जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में 200 से अधिक छात्राओं की निःशुल्क हीमोग्लोबिन (एचबी) जांच कर उन्हें आयरन की दवाएं, सेनेटरी नैपकिन, फल तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचरूखी और एक्यूरेट डायग्नोस्टिक लैब की विशेषज्ञ टीम ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने छात्राओं को संतुलित आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन, स्वच्छता और मासिक धर्म स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

भारत विकास परिषद, देशरत्न शाखा के अध्यक्ष रोहित सिंह ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त बालिकाएं ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। परिषद समाजहित एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्कार आयाम के प्रांतीय संयोजक भारत भूषण पाण्डेय ने बताया कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान परिषद का राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है।

इसके तहत देशरत्न शाखा प्रत्येक माह जिले के किसी न किसी विद्यालय में एनीमिया जांच शिविर लगाकर छात्राओं को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करती है। देशरत्न शाखा के सचिव श्रवण सिंह ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले दोनों विद्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचरूखी, एक्यूरेट डायग्नोस्टिक लैब तथा परिषद के सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर इंदल सिंह, डॉ. सुधीर सिंह, रुपेश सिंह, नवीन सिंह परमार, डॉ. संजय सिंह, सचिन कुमार पर्वत, अजय कुमार सिंह, प्रोजेक्ट आदर्श कन्या उच्च विद्यालय की प्रधानाचार्या रेणुका भारद्वाज, गांधी स्मारक विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य देवकी नंदन ओझा, शिक्षक ब्रजेश कुमार, डॉ. सुधीर कुमार सिंह, डॉ. जय प्रकाश, विद्या कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार, ध्रुव कुमार मिश्रा सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं भारत विकास परिषद के कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma