home page

एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर डीएम ने की समीक्षा

 | 
एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर डीएम ने की समीक्षा


एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर डीएम ने की समीक्षा


सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कैंप मोड में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एनीमिया की समय पर पहचान, जांच, उपचार और आवश्यक पोषण संबंधी परामर्श प्रत्येक लक्षित लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं की एनीमिया जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नियमित समीक्षा करने और आवश्यकतानुसार संयुक्त रूप से जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि एनीमिया की रोकथाम और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि एनीमिया के कारण किसी भी बच्चे, किशोरी अथवा गर्भवती महिला की मृत्यु न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और मिशन मोड में कार्य करें।

बैठक में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक-सह-जिला योजना समन्वयक बाल कृष्ण चौधरी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) अंजु कुमारी तथा शिक्षा विभाग के कार्यक्रम पदाधिकारी आलोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र