home page

अंचल में ही बनेगा वासगीत पर्चा, अफवाह फैलाने वालों व लापरवाह अफसरों पर गिरेगी गाज :डीएम

 | 

कटिहार, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले में भ्रामक सूचनाएं व अफवाह फैलाकर आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को उकसाने, अनावश्यक भीड़ जुटाने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है।

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला, अनुमंडल, अंचल एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों को ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता की भूमि व राजस्व से जुड़ी समस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निपटारे में किसी भी तरह की कोताही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

अंचल स्तर पर ही बनेगा वासगीत पर्चा, बहकावे में न आएं लोग

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वासगीत पर्चा प्राप्त करने की व्यवस्था संबंधित अंचल कार्यालय में ही उपलब्ध है। आवेदन की जांच व पात्रता के सत्यापन के बाद अंचल स्तर से ही पर्चा निर्गत कर दिया जाता है। इसके लिए ग्रामीणों को पटना जाने या जिला समाहरणालय के चक्कर लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस संबंध में आम जनता के बीच जागरूकता फैलाएं ताकि बिचौलिए या असामाजिक तत्व लोगों को गुमराह न कर सकें। भ्रामक सूचना देकर विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राजस्व कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने का आदेश

डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी, वासगीत पर्चा और सरकारी भूमि के सत्यापन से जुड़े मामलों को मिशन मोड में निष्पादित करने को कहा। उन्होंने अपर समाहर्ता (राजस्व) को अनुमंडलवार सतत मॉनिटरिंग और सभी भूमि सुधार उप समाहर्ताओं (डीसीएलआर) को अंचलों का नियमित निरीक्षण करने का जिम्मा सौंपा। डीएम ने दो टूक कहा कि राजस्व मामलों में आम जनता को बेवजह दौड़ाने वाले कर्मियों व अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

महादलित टोलों में योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश

संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी ने जिले के महादलित टोलों एवं अनुसूचित जाति बाहुल्य बस्तियों में विकास शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के शत-प्रतिशत निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने विकास मित्रों और जिला कल्याण पदाधिकारी को पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने की जिम्मेदारी दी। प्रशासन ने दोहराया कि वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए तंत्र पूरी तरह संवेदनशील है, लेकिन अफवाह की आड़ में अव्यवस्था फैलाने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह