home page

नवगछिया की अनन्या वात्सल्य ने राज्य स्तर पर जीता रजत पदक, भागलपुर का बढ़ाया मान

 | 
नवगछिया की अनन्या वात्सल्य ने राज्य स्तर पर जीता रजत पदक, भागलपुर का बढ़ाया मान


भागलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)।

खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा पटना में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता (2026-27) में नवगछिया की उभरती खिलाड़ी अनन्या वात्सल्य ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अनन्या ने अंडर-19 के 59 से 63 किलो वजन वर्ग में यह शानदार मुकाम हासिल किया। अनन्या के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उनके प्रशिक्षक सह अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने कहा कि यह नवगछिया और पूरे भागलपुर जिले के लिए गौरव का क्षण है।

उन्होंने बताया कि अनन्या एक बेहद अनुशासित और होनहार खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इससे पहले भी कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर नवगछिया को गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।

बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पिता संजय कुमार सुमन और माता कुमारी चित्रलेखा ने अत्यंत खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अनन्या ने बेहद कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। अनन्या की इस सफलता पर खेल जगत, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े तमाम गणमान्य लोगों ने बधाई दी है।

बधाई देने वालों में जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी, आमिर खान, जिला ताइक्वांडो महासचिव घनश्याम प्रसाद, संयुक्त सचिव जेम्स फाइटर, नवगछिया खेल संघ अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, नवगछिया नगर परिषद सभापति प्रीति कुमारी शामिल हैं।

इसके साथ ही विधान परिषद सदस्य डॉक्टर एनके यादव, डॉ नीलय कृष्णा, समाजसेवी प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव, मुन्ना भगत, शिक्षाविद रामकुमार साहू, सुमित कुमार साहू, मोनी कुमारी, मोहम्मद गुलाम मुस्तफा, कंचन सिंह, मो. नाजिम, बादल, अमृत कुमार सिंह, राहुल कुमार, अखिलेश पांडे, भाजपा नेता विनोद कुमार मंडल, मुक्तिनाथ सिंह, दीपक भगत और अनूप भगत आदि ने भी खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई संदेश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर