home page

मुखिया पर सरकारी योजनाओं में अनियमितता के आरोप की जांच रिपोर्ट में हुई पुष्टि

 | 
मुखिया पर सरकारी योजनाओं में अनियमितता के आरोप की जांच रिपोर्ट में हुई पुष्टि


किशनगंज, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के दिघलबैंक पंचायत की वर्तमान मुखिया पूनम देवी एवं उनके परिवार पर सरकारी योजनाओं में अनियमितता और सरकारी राशि के दुरुपयोग के लगे आरोप जांच में प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बावजूद अब तक प्राथमिकी या राशि की वसूली नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वहीं जिला प्रशासन ने मामले में आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी होने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, दिघलबैंक निवासी राजकुमार सिंह ने वरीय अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि मुखिया ने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों के बजाय अपने परिवार के सदस्यों को दिलाया। शिकायत के बाद कराई गई अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं।

जांच प्रतिवेदन के अनुसार मुखिया के पुत्र एवं वर्तमान पैक्स अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह का वर्ष 2020 में जॉब कार्ड बनाकर उन्हें मनरेगा की 15 योजनाओं में मजदूर दर्शाते हुए 54,646 रुपये का भुगतान किया गया। इसी तरह मुखिया की बहू प्रियंका सिंह को 15 योजनाओं में 57,009 रुपये, दामाद विजय कुमार सिंह को 18 योजनाओं में 65,968 रुपये तथा पुत्री श्वेता देवी को 27 योजनाओं में कार्यरत दिखाकर 77,186 रुपये मजदूरी भुगतान किए जाने की पुष्टि हुई है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जांच में भी श्वेता देवी को वित्तीय वर्ष 2025-26 में लाभ दिए जाने पर सवाल उठे। स्थलीय जांच में उनका मकान पहले से पक्का एवं दो मंजिला पाया गया। रिपोर्ट में कहा गया कि पूर्व से पक्का मकान होने के कारण वह योजना की पात्रता पूरी नहीं करती थीं, इसके बावजूद उन्हें लाभ देते हुए दो किस्तों का भुगतान कर दिया गया। वहीं मनरेगा के एक मास्टर रोल में श्वेता कुमारी के हस्ताक्षरों में भी भिन्नता पाई गई। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में शिकायतकर्ता के आरोपों को सत्य प्रतीत बताते हुए संबंधित जॉब कार्डधारकों के मामलों में नियमानुसार निर्णय लेने तथा भुगतान की गई मजदूरी की रिकवरी पर विचार करने की अनुशंसा की है। इस मामले में मुखिया पूनम देवी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि शिकायत की जांच कराई गई थी, जिसमें लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। वहीं इस मामले में पूनम देवी ने बताया कि मेरे ऊपर जो भी आरोप लगे है वह पूरी तरीके से गलत है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह