home page

मुखिया प्रतिनिधि को घेरकर पांच लाख की चेन व डेढ़ लाख नकदी छीनने का आरोप

 | 
मुखिया प्रतिनिधि को घेरकर पांच लाख की चेन व डेढ़ लाख नकदी छीनने का आरोप


किशनगंज, 26 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना किशनगंज में दौला पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अखलाकुर हुसैन ने तीन नामजद समेत अन्य लोगों पर रास्ते में घेरकर मारपीट, हथियार के बल पर सोने की चेन व नकदी छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।

आवेदन में उन्होंने घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दौला चौक के पास की बताई है। मुखिया प्रतिनिधि के अनुसार वे पंचायत भवन जाने के लिए चारपहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान दौला चौक पर मो. सिताबुद्दीन, उसके पुत्र अनवार आलम व जुबेर आलम समेत अन्य लोग कथित रूप से वाहन के सामने खड़े हो गए और उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उन्हें वाहन से खींचकर उतारा गया तथा माथे पर बंदूक सटाकर जान से मारने का भय दिखाया गया। इसके बाद गले से करीब तीन भर सोने की चेन, जिसकी कीमत उन्होंने करीब पांच लाख रुपये बताई है, तथा डेढ़ लाख रुपये नकद कथित रूप से ले लिए गए। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने वाहन में रखे जरूरी सरकारी दस्तावेज निकालकर लाइटर से जला दिए। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपितों ने पंचायत भवन के लिए पूर्व में दान की गई जमीन की कीमत का हवाला देते हुए कथित तौर पर 20 लाख रुपये की मांग की और शेष राशि घर पहुंचाने की धमकी दी। साथ ही पूरे परिवार को बम से उड़ाने तथा हत्या करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। अखलाकुर हुसैन ने आवेदन में बताया है कि वर्ष 2013-14 में पंचायत भवन के लिए मो. सिताबुद्दीन ने राज्यपाल, बिहार सरकार के नाम करीब एक बीघा जमीन दान की थी। बाद में उक्त स्थल पर पंचायत भवन नहीं बनने के कारण दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न होने की बात कही गई है। उन्होंने घटना के प्रत्यक्षदर्शी पंचायत के लोगों का भी आवेदन में उल्लेख किया है।शनिवार को सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है। आरोपों की पुष्टि पुलिस अनुसंधान के बाद ही हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह