home page

ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में सुपौल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

 | 
ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में सुपौल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन


सुपौल, 24 सितंबर (हि.स.)। इंडो-भूटान सीमा स्थित जयगांव के अग्रसेन भवन में 20 सितंबर को आयोजित ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप-2026 में सुपौल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में मार्शल आर्ट प्लैनेट, सुपौल के सात खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में काता और कुमिते स्पर्धाओं में भाग लिया।

खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 13 पदक अपने नाम किए। इनमें छह स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। महज पांच से दस वर्ष की उम्र के इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की ओपन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से प्रशिक्षकों, अभिभावकों और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

जिया शर्मा (5 वर्ष) ने बालिका 18 किलोग्राम वर्ग के कुमिते में स्वर्ण तथा काता में कांस्य पदक हासिल किया। अंश सूर्या (5 वर्ष) ने बालक 15 किलोग्राम वर्ग के कुमिते में स्वर्ण और काता में कांस्य पदक जीता।

उद्धव राज (6 वर्ष) ने बालक 18 किलोग्राम वर्ग के कुमिते में स्वर्ण तथा काता में रजत पदक हासिल किया। अयान कुमार (10 वर्ष) ने बालक 40 किलोग्राम वर्ग के कुमिते में स्वर्ण और काता में रजत पदक अपने नाम किया।

कुशाग्र (9 वर्ष) ने बालक 30 किलोग्राम वर्ग में काता का रजत तथा कुमिते का कांस्य पदक जीता। अमृत राज (8 वर्ष) ने बालक 19 किलोग्राम वर्ग में काता में स्वर्ण तथा कुमिते में रजत पदक हासिल किया। वहीं आरव वत्स (10 वर्ष) ने बालक 30 किलोग्राम वर्ग के काता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इस प्रकार सुपौल के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में छह स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य सहित कुल 13 पदक हासिल किए।

मार्शल आर्ट प्लैनेट, सुपौल की ओर से बताया गया कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनके नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत का परिणाम है। संस्था की ओर से सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर सुपौल लौटने पर पदक विजेता खिलाड़ियों का अभिभावकों, स्थानीय ग्रामीणों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। खिलाड़ियों को फूल-माला पहनाई गई, गुलदस्ता भेंट किया गया और मिठाई खिलाकर उनकी जीत की खुशी मनाई गई। उपस्थित लोगों ने नन्हे खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

खिलाड़ियों की इस सफलता से उनके माता-पिता और स्थानीय लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों ने कहा कि इन नन्हे खिलाड़ियों की उपलब्धि से सुपौल का नाम खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ा है। साथ ही इससे जिले के अन्य बच्चों को भी कराटे सहित अन्य खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र