नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की जरूरत : न्यायाधीश डॉ. श्याम नाथ साह
सुपौल, 24 नवंबर (हि.स.)। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास और जनजागरूकता जरूरी है। नशे के खिलाफ केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर इस लड़ाई में आगे आना होगा। उक्त बातें व्यवहार न्यायालय निर्मली के अवर न्यायाधीश डॉ. श्याम नाथ साह ने मंगलवार को नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कही।
कोशी प्रहरी सुपौल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के सहयोग से नालसा की DAWN योजना के तहत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मरौना एवं लालेश्वर नाथ हाई स्कूल, भलुआही मरौना में नशामुक्त जागरूकता एवं कल्याण नेविगेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को परामर्श, कानूनी सहायता और पुनर्वास से जोड़ना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अवर न्यायाधीश डॉ. श्याम नाथ साह, विशिष्ट अतिथि प्रमोद कुमार, यूनिसेफ जिला समन्वयक अशोक कुमार, मरौना थानाध्यक्ष, विद्यालय के प्रधानाचार्य अब्दुल मलिक नोमानी, बार एसोसिएशन प्रतिनिधि चंद्रमोहन आचार्य एवं माय भारत के स्वयंसेवक रंजु कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में न्यायाधीश डॉ. श्याम नाथ साह ने कहा कि नशा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। इसका सबसे अधिक प्रभाव युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी बुरी तरह प्रभावित करती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए परिवार, समाज और संस्थाओं को मिलकर प्रयास करना होगा।
प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है। समाचार पत्र, दूरदर्शन एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए नशे के दुष्परिणामों और इससे बचाव के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
मरौना थानाध्यक्ष ने कहा कि नशा व्यक्ति को अपराध, आर्थिक संकट और सामाजिक बुराइयों की ओर धकेल सकता है। इससे बचाव के लिए अभिभावकों एवं शिक्षकों को बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उन्हें उचित मार्गदर्शन देना चाहिए। नशे से जुड़ी समस्याओं की रोकथाम में पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय भी जरूरी है।
कार्यक्रम में नालसा की DAWN योजना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंदों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने, काउंसलिंग, नशामुक्ति एवं पुनर्वास सहायता तथा सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए उचित मार्गदर्शन देने पर जोर दिया गया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में कोशी प्रहरी सुपौल के सचिव रामचंद्र यादव ने जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

